मुलायम पुत्र प्रतीक यादव की संदिग्ध हालात में मौत
उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़े यादव परिवार में बुधवार सुबह उस वक्त शोक की लहर दौड़ गई, जब समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे सौतेले भाई और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में अचानक निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार मौत की परिस्थितियां संदिग्ध मानी जा रही हैं। चर्चा है कि किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। पुलिस ने प्रतीक यादव का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमार्टम के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के डॉक्टरों की विशेष टीम गठित की गई है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जा रही है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली में मौजूद अपर्णा यादव तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं। परिवार के करीबी लोग भी सिविल अस्पताल और आवास पर पहुंचने लगे हैं। यादव परिवार के राजनीतिक और सामाजिक संपर्कों के चलते पूरे प्रदेश की नजर इस मामले पर टिकी हुई है।
प्रतीक यादव, दिवंगत समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के बेटे थे। हालांकि वे सक्रिय राजनीति से दूर रहते थे और बिजनेस तथा फिटनेस लाइफस्टाइल के लिए जाने जाते थे। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी मौजूदगी थी।
बीते कुछ महीनों में प्रतीक और अपर्णा यादव का निजी जीवन भी चर्चा में रहा था। सोशल मीडिया पोस्ट्स और पारिवारिक मतभेदों की खबरों ने सुर्खियां बटोरी थीं, हालांकि बाद में दोनों परिवार सहित विदेश यात्रा पर भी नजर आए थे।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच का इंतजार कर रही है। शुरुआती स्तर पर इसे सामान्य मौत मानने के बजाय हर पहलू से जांच की जा रही है। पूरे मामले पर अभी परिवार की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें