अंजलि धाम में धूमधाम से मना हनुमान जन्मोत्सव, 50 झांकियों संग निकली भव्य शोभायात्रा
आगरा:आवास विकास क्षेत्र स्थित अंजलि धाम में हनुमान जन्मोत्सव इस बार बेहद भव्य और अनोखे अंदाज में मनाया गया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा, “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
शोभायात्रा का शुभारंभ शाम 5 बजे सीताराम मंदिर, नगला अजीता (सेक्टर-8) से हुआ। यात्रा में 50 से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिनमें भगवान श्रीराम और हनुमान जी के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाया गया। ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
यात्रा का मुख्य आकर्षण बाहर से आए एक दर्जन अखाड़ों के हैरतअंगेज करतब रहे, जिन्हें देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। अंजलि धाम का मंच आयोजन का विशेष केंद्र रहा, जहां “बाबा हनुमान” के जन्म का जीवंत और भावपूर्ण मंचन किया गया। इस दृश्य को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए सेक्टर-7 स्थित टेम्पू स्टैंड के सामने मैदान में संपन्न हुई। सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया।
आयोजन समिति ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम धार्मिक आस्था, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर सुनील पाराशर, गुंजन पाराशर, भूपेन्द्र सारस्वत, प्रदीप शर्मा, सुनील शुक्ला, विवेक पाराशर, विनोद माहोर, करन गर्ग, राज कुमार पथिक, अजय कुशवाहा, शिवम दुर्वे, अनुज पाठक, मीडिया प्रभारी अमोल दीक्षित, डॉ लक्ष्मी रानी, मंजू सिंह, प्रोफेसर आशुतोष भंडारी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें