नारायण विहार, सिकंदरा (आगरा) में पाँच दिवसीय मोटापा निवारण एवं स्वास्थ्य योग शिविर आयोजित
आगरा। भारतीय योग संस्थान के तत्वावधान में सिकंदरा स्थित नारायण विहार केंद्र पर पाँच दिवसीय “मोटापा रोग निवारण एवं स्वास्थ्य योग शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना रहा।
संस्थान द्वारा प्रत्येक वर्ष 10 तारीख को शिविर का स्थापना दिवस सभा केंद्र पर मनाया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें संस्थान के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नीरू वर्मा, संध्या अग्रवाल, कल्पना, मूलचंद भारती, उर्मिला, नारायण विहार केंद्र की संचालक एवं क्षेत्रीय मंत्री नीलम नागयच तथा केंद्र प्रमुख मीना सिंह सहित सभी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही।
शिविर में वर्तमान समय की गंभीर समस्या मोटापा एवं उससे उत्पन्न होने वाली बीमारियों जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, महिलाओं में PCOD, घुटनों के दर्द आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को प्राणायाम, योगासन, संतुलित दिनचर्या एवं उचित खानपान के बारे में विस्तार से समझाया गया।
इसके साथ ही नियमित योगाभ्यास के महत्व को बताते हुए विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया तथा अंत में ध्यान (मेडिटेशन) की विधि भी सिखाई गई, जिससे मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य में सुधार संभव है।
भारतीय योग संस्थान आगरा सहित देशभर में 4500 से अधिक केंद्रों के माध्यम से 23 राज्यों में सफलतापूर्वक कार्य कर रहा है। इसके अतिरिक्त संस्थान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अमेरिका, इंग्लैंड, मॉरीशस एवं चीन जैसे देशों में योग एवं ध्यान सेवाएं प्रदान कर रहा है।
संस्थान “वसुधैव कुटुम्बकम” के सिद्धांत पर आधारित होकर पूर्णतः निःशुल्क योग साधना के माध्यम से समाज को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने का कार्य कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें