बीजेपी का झंडा लगी एसयूवी प्लेटफार्म पर दौड़ाई,यात्रियों में हड़कंप
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात दो नशे में धुत युवकों ने हड़कंप मचा दिया। प्लेटफॉर्म नंबर एक पर नशे में धुत दो युवकों ने सफारी कार दौड़ा दी, जिससे यात्रियों में भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। आरपीएफ ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है, जिसमें से एक युवक को जेल भेज दिया गया है। बलरामपुर अस्पताल में उनके ब्लड की जांच कराई गई है।
जानकारी के मुताबिक, चारबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार रात 12.30 बजे एक सफारी कार प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंच गई। कार सरोजिनीनगर निवासी हितेश तिवारी चला रहा था, जबकि उसके साथ बंथरा के रहने वाले शिवांश चौधरी बैठा था। हितेश पार्सल घर की ओर बनी सड़क के रास्ते कार को प्लेटफॉर्म नंबर एक पर ले आया था। सफारी को आते देख यात्रियों में हड़कम्प मच गया और यात्री अपना स्थान छोड़ उठकर भागने लगे।
सफारी के जीआरपी कार्यालय पहुंचने के बाद आरपीएफ ने कार रुकवाई और युवकों को गिरफ्तार कर लिया।जहां से हितेश को जेल दिया गया।
हो सकती थी बड़ी घटना: चारबाग रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म नंबर एक बेहद व्यस्त रहता है। यहां यात्रियों की अच्छी खासी भीड़ हमेशा ही रहती है। ऐसे में सफारी लेकर प्लेटफॉर्म पर पहुंचना आरपीएफ और जीआरपी की लापरवाही को भी उजागर करता है। सफारी से युवकों ने प्लेटफॉर्मों पर करीब आधा किलोमीटर की दूरी तय कर डाली लेकिन उसे रोका नहीं गया। ऐसे में यात्री चोटिल हो सकते थे और स्टेशन पर कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें