द कश्मीर फाइल्स' के बाद बड़े पर्दे पर फिर दिखेगा कश्मीरी पंडितों का दर्द, रिलीज के लिए तैयार नई फिल्म
विवेक अग्निहोत्री की फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' के बॉक्स ऑफिस पर सुपर डुपर हिट होने के बाद एक बार फिर कश्मीरी पंडितों की कहानी पर्दे पर दिखने वाली है। हम बात कर रहे हैं फिल्म 'द हिंदू बॉय' की, जिसमें टीवी की दुनिया में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुके शरद मल्होत्रा लीड रोल कर रहे हैं।
फिल्म में क्या दिखाया जाएगा?
द कश्मीर फाइल्स' में जहां कश्मीरी पंडितों का अतीत (नरसंहार और पलायन) दिखाया गया तो वहीं दावा किया जा रहा है कि 'द हिंदू बॉय' में उनके आज के हालात पर फोकस किया गया है? वे आज किस स्थिति में हैं? उन्हें किस तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है? क्या उन्हें अब भी प्रताड़ित किया जा रहा है? क्या अब भी वे खौफ के साए में जी रहे हैं? इन सभी सवालों के जवाब निर्माता पुनीत बालन ने फिल्म में देने का प्रयास किया है।
कुछ ऐसी होगी फिल्म की कहानी
बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी एक हिंदू लड़के की है, जिसे सुरक्षा के लिहाज से कश्मीर से बाहर भेज दिया जाता है। जब वह 30 साल बाद वापस लौटता है तो क्या अनुभव करता है और उसके साथ क्या कुछ होता है, यह फिल्म में दिखाया जाएगा।
फिल्म के बारे में बात करते हुए पुनीत बालन ने एक इंटरव्यू में कहा, "मैं अक्सर कश्मीर जाता रहा हूं और मैंने वहां के लोगों का दर्द करीब से देखा है। मुझे यह बात हमेशा कचोटती है कि आज हम जहां आजादी के साथ रह रहे हैं, वहीं वो लोग आज भी काफी कुछ सहन कर रहे हैं। मैं हमेशा से उनकी मदद करना चाहता था, लेकिन नहीं जानता था कि कैसे? जब 'हिंदू बॉय' मेरे पास आयी तो मैंने तय किया कि यह मुझे कश्मीरी हिंदू पंडितों की परेशानी और उनके हालात सबके सामने रखने का मौका मिला है। हाल ही में 'द कश्मीर फाइल्स' को खूब प्यार दिया गया। उम्मीद है कि यह फिल्म भी अच्छा करेगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें