टीबी यानि क्षय रोग के मरीजों के सहयोग के लिए बुधवार को लायंस क्लब ऑफ आगरा ‘आस्था’ के सहयोग से जिला क्षय रोग केंद्र में एक महीने का राशन दिया गया । इसके साथ ही उन्हें सही तरीके से दवा खाने और परहेज के तरीके भी बताए गए।
लायंस क्लब ऑफ आगरा आस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी डा.यूबी सिंह, जिला पीपीएम समन्वयक कमल सिंह ने बच्चों को राशन दिया। उन्होंने एक महीने का राशन देकर उन्हें नियमित दवा लेने और पौष्टिक भोजन लेने की सलाह दी ।
जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) ने बताया कि डीटीसी आगरा में वर्तमान में उपचार पर चल रहे क्षय रोगियों की मदद के लिए लायंस क्लब ऑफ आगरा आस्था ने आगे आकर मदद के लिए हाथ बढ़ाए हैं। इससे टीबी मरीजों को सही पोषण मिल सकेगा और वह अपनी दवाएं समय से खाकर जल्द स्वस्थ हो सकेंगे।
डीटीओ ने कहा कि टीबी की दवा नाश्ते के बाद ही लेनी चाहिए। मरीज सुबह नाश्ते के बाद ही दवा खायें। गर्म तासीर वाली चीजें जैसे चाय, कॉफी, खट्टी एवं मिर्च मसाले वाली चीजें खाने से बचें। प्रतिदिन सुबह हल्का व्यायाम करें, खाने में फाइबर वाली चीजें जैसे हरी सब्जियां, मौसमी फल, दालें, सोयाबीन ज्यादा से ज्यादा लें। खाने के तुरन्त बाद लेटें नहीं बल्कि थोड़ा टहलें। ध्यान रहे कि किसी भी स्थिति में टीबी की दवा बंद नहीं करनी है।
जिला पीपीएम समन्वयक कमल सिंह ने बताया कि कोविड के दौरान लॉकडाउन में ऐसे गरीब मरीजों को जनपद की सामाजिक संस्थाओं ने समय समय पर राशन उपलब्ध कराया है । जैसे ही किसी मरीज की यह समस्या होती है, उसको हर हाल में राशन उपलब्ध कराया जाता है। टीबी मरीज को हताश नहीं होना है, जनपद आगरा का टीबी विभाग उसके साथ है।
इस मौके पर लायंस क्लब ऑफ आगरा आस्था की ओर से डिस्ट्रिक्ट गवर्नर श्याम बिहारी अग्रवाल, वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर-1 सुनीता बंसल, किशोरी रमन, वेद प्रकाश वार्ष्णेय, रोमा सिंह, दिनेश सिंह, रजनी सिंघल, प्रतिमा राना, रीता यादव, सरोज सिंह, मधु गुप्ता, कुंचल पालीवाल मौजूद रहे।
डीटीसी से उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ मनीष गुप्ता, जिला पीपीएम समन्वयक कमल सिंह, अरविंद कुमार, पंकज सिंह, शशिकांत पोरवाल, शिवम शर्मा, अखिलेश शिरोमणी मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें