भव्यता में अनूठा होगा शाहगंज में जनकपुरी आयोजन:मेयर हेमलता दिवाकर
My News Network, आगरा के शाहगंज क्षेत्र में आयोजित होने वाले जनकपुरी महोत्सव के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाहा एवम नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस महोत्सव में कोई भी कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र में विकास कार्य होने चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
नगर निगम की टीम ने कोठी मीना बाजार मैदान का निरीक्षण किया और वहां पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाला निर्माण, सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण के कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए और क्षेत्र में कोई भी सीवर और जलजमाव की समस्या नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कोई भी गली मोहल्ला और कॉलोनी विकास कार्यों से अछूती नहीं रहनी चाहिए। मेयर ने रास्तों पर बारिश में बड़े हो गए पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने कहा कि जनकपुरी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपए की लागत से विकास कार्य होने हैं, निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर कोई भी लापरवाही नहीं बरती जाए। यदि ऐसा पाया गया तो जांचकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें