बसपा ने दलितों और ब्राह्मणों के सहारे भाजपा के खिलाफ तेज किया चुनावी अभियान
2022 के विधानसभा चुनाव में दलित और ब्राह्मणों को एकजुट होकर भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए। रविवार को खंदारी स्थित आरबीएस कॉलेज के राव कृष्ण ऑडिटोरियम में हुए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के नेता सतीश चंद्र मिश्र ने कहा कि योगी सरकार ब्राह्मणों को डरा धमकाकर देश से भगाने की कोशिश में जुटी है। मिश्रा ने कहा कि बिकरू कांड में सरकार का ब्राह्मण विरोधी चेहरा पूरी तरह बेनकाब हो चुका है। वहां न कोई अदालत थी, न कोई कानून, सीधे गोली मारकर फैसला किया गया। बसपा नेता ने मायावती शासन काल की याद दिलाते हुए कहा कि 2007 से 2012 तक बहनजी ने ब्राह्मणों को आगे बढ़ाने का काम किया।
उन्होंने कहा, 'मैं खुद इसका एक प्रमाण हूं। हम भगवान परशुराम के वंशज प्रदेश में 13 प्रतिशत हैं। भाजपा ने बहनजी पर फर्जी मुकदमे लादकर डराने की कोशिश की लेकिन बसपा ने ब्राह्मणों को उनकी हिस्सेदारी के हिसाब से टिकट देने का काम किया।’’ मिश्र ने कहा कि बसपा में ब्राह्मणों का पूरा सम्मान है। आज भी पार्टी के बड़े पदों पर ब्राह्मण हैं। बसपा सरकार में ब्राह्मणों से जुड़े सभी धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार किया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें