अवध शाखा, अवधपुरी पर आयोजित विजयादशमी उत्सव पर स्वयंसेवकों को प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि 1925 में विजयादशमी के दिन ही संघ की डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार ने नागपुर की पुण्य भूमि में संघ की स्थापना की थी। इस विजयादशमी पर संघ 100 वर्ष पूर्ण किए हैं और आने वाला वर्ष संघ कार्य के विस्तार तथा सुदृढ़ीकरण पर केंद्रित होगा।
संघ का उद्देश्य इस उपलब्धि का उत्सव मनाना नहीं है, बल्कि राष्ट्र के लिए तथा समाज को संगठित करने के लिए स्वयं को पुनः समर्पित करना है। प्रांत प्रचारक ने कहा कि हमें शताब्दी वर्ष में अधिक सावधानी, गुणवत्ता तथा व्यापकता से कार्य करने का संकल्प लेना है।
प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र जी ने कहा कि संघ संस्थापक डॉ. हेडगेवार जी ने संघ की स्थापना के समय कहा था, संघ कोई नया कार्य शुरू नहीं कर रहा है, बल्कि कई शताब्दियों से चले आ रहे काम को आगे बढ़ा रहा है। अभी तक की संघ यात्रा में स्वयंसेवकों ने समाज जीवन के प्रत्येक आयाम में कार्य विस्तार किया है। सेवा कार्यों से समाज के बीच आत्मीयता के भावों का जागरण किया है।
प्रांत प्रचारक ने बताया कि नवंबर 2025 से जनवरी 2026 तक तीन सप्ताह तक बड़े पैमाने पर घर-घर संपर्क अभियान की योजना है। जिसका विषय "हर गांव, हर बस्ती, घर-घर" होगा। संपर्क के दौरान संघ साहित्य वितरित किया जाएगा और स्थानीय इकाइयों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आगरा विभाग में सभी स्थानों में स्वयंसेवकों ने मंडल, खंड/नगर स्तर में कार्यक्रम आयोजित किए। स्वयंसेवकों ने उत्साह पूर्वक शाखाओं में विजयादशमी उत्सव मनाया। सभी स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में उपस्थित हुए। बौद्धिक और प्रार्थना के बाद घोष की धुनों पर पथ संचलन निकाला गया। पथ संचलन के दौरान नागरिकों ने स्वयंसेवकों के उपर पुष्प वर्षा भी की।
आगरा विभाग के तीन महानगरों और तीन जिलों में 472 शाखाएं लग रही हैं। आगामी 5 अक्टूबर तक 472 कार्यक्रम और होंगे और 140 पथ संचलन भी विभाग में निकलेंगे। कार्यक्रम से पूर्व शस्त्रों का पूजन किया गया। कार्यक्रम स्थलों पर संघ की 100 वर्ष की यात्रा की प्रदर्शनी लगाई गई और संघ के साहित्य की स्टॉल लगाई गई। साहित्य को सभी लोगों ने पसंद किया और खूब खरीदारी की।
कार्यक्रम की व्यवस्था प्रदीप भदौरिया ने संभाली। गुरुवार को विजयादशमी उत्सव में अशोक कुलश्रेष्ठ, प्रांत प्रचार प्रमुख र्कीति, विभाग प्रचारक रोहित, विभाग कार्यवाह सुनील दीक्षित, अशोक अग्रवाल, दलीप गोयल, श्याम किशोर गुप्ता विभिन्न स्थानों पर बौद्धिक दिए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें