आज सुबह डीजी लॉ एंड ऑर्डर एमएल लाठर ने संबंधित जिला एसपी को सभी अंतरराज्यीय सीमाओं को सील करने के ऑर्डर जारी किए. आदेश के तहत राजस्थान से आने और बाहर जाने पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाया गया है. यह आदेश आगामी 7 दिन तक प्रभावी रहेगा. उसके बाद अगर पॉजिटिव मरीजों के मिलने की संख्या कम हुई तो आदेश में बदलाव किया जाएगा. लेकिन इसके विपरीत अगर संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती गई तो इस आदेश को आगे बढ़ाया जाएगा.
आदेश के बाद सभी बॉर्डर सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई. डूंगरपुर जिले में गुजरात की सीमा पर स्थित रतनपुर बॉर्डर को सीलकर वहां पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया है. अब केवल मेडिकल इमरजेंसी और पासधारी ही अब प्रदेश में प्रवेश कर सकेंगे. श्रीगंगानगर जिले में पंजाब राज्य से मिलती सीमा को सील कर दिया गया है. सिरोही जिले में गुजरात से सटे मावल बॉर्डर को सील कर दिया गया है. अचानक बॉर्डर सीज करने से लगभग इन सभी जगहों पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं पुलिसकर्मी पूरी सतर्ककता बरतते हुए बॉर्डर पर मुस्तैद हो गए हैं.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें